उत्तराखंड शासन ने विदेश मंत्रालय को भेजी अफगानिस्तान में फंसे राज्यवासियों की पहली लिस्ट, पढ़ें खबर

देहरादून : उत्तराखंड सरकार ने अफगानिस्तान में फंसे उत्तराखंड के 110 लोगों की पहली लिस्ट विदेश मंत्रालय को भेजी है। प्रदेश सरकार ने विदेश मंत्रालय से अनुरोध किया है कि उत्तराखंड के अन्य किसी निवासी के संबंध में जानकारी मिलती है, तो उसे राज्य के साथ भी साझा किया जाए। इस संबंध में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) से वार्ता हुई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यह जानकारी दी।
अफगानिस्तान में सत्ता परिवर्तन के बाद वहां के हालत काफी बदले हुए हैं। इससे वहाँ काम कर रहे उत्तराखंड वासियों के स्वजन चिंतित हैं। वे सरकार से अपनों को वापस लाने की गुहार लगा रहे हैं। प्रदेश सरकार भी इस मामले में शुरू से ही विदेश मंत्रालय के संपर्क में है। 
मीडियाकर्मियों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने बताया कि उपलब्ध जानकारी के आधार पर 110 नामों की सूची बनाकर विदेश मंत्रालय को भेज दी। सरकार काबुल में फंसे एक-एक नागरिक को उत्तराखंड लाएगी। इसके लिए केंद्र सरकार से लगातार संपर्क बना हुआ है। इसके साथ ही शासन ने सभी जिलाधिकारियों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को पत्र भेजकर अपने जिलों से भी अफगानिस्तान में फंसे प्रदेशवासियों के संबंध में जानकारी एकत्र करने को कहा है। शासन ने अफगानिस्तान में फंसे व्यक्तियों के स्वजन के लिए टोल फ्री नंबर 112 पर भी इसकी सूचना देने की अपील की है।

0 Comments

Leave a Comment

ताजा पोस्ट