केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक को नवाजा जाएगा अंतरराष्ट्रीय शिखर सम्मान से

उत्तराखंड : केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक को हिंदी साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए वातायन अंतरराष्ट्रीय शिखर सम्मान (वातायन लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड) के लिए चयनित किया गया है। 21 नवंबर को लंदन में होने वाले वातायन-यूके सम्मान समारोह में उन्हें यह अवॉर्ड प्रदान किया जाएगा।
साल 2003 में लेखक एवं कैंब्रिज विश्वविद्यालय के भाषा विज्ञान के रीडर डॉ. सत्येंद्र श्रीवास्तव ने 'वातायन: पोएट्री ऑन साउथ बैंक' नामक संस्था का गठन किया था। साहित्य के क्षेत्र में कार्यरत यह संस्था उल्लेखनीय कार्य करने वाले रचनाधर्मियों को अलंकृत करती है। साल 2004 में संस्था ने वार्षिक वातायन कविता पुरस्कार से इसकी शुरुआत की गई थी। अब तक देश की कई हस्तियों को यह संस्था सम्मानित कर चुकी है।
इस बार इसी कड़ी में संस्था ने उत्तराखंड से सांसद एवं केंद्रीय शिक्षामंत्री रमेश पोखरियाल निशंक को वातायन अंतरराष्ट्रीय शिखर सम्मान देने का निर्णय लिया है। वातायन-यूके की दिव्या माथुर के अनुसार, निशंक जैसे साहित्यकार को अलंकृत किया जाना संस्था के लिए गौरव की बात है।
इस विषय में केंद्रीय मंत्री निशंक ने कहा कि यह सम्मान उनका नहीं, बल्कि हिंदी भाषा, भारत और भारत के हर नागरिक का है। साहित्य रचना एक गुण-धर्म है और साहित्य साधना के सामने तमाम बाधाएं गौण हो जाती हैं। साहित्य साधक समाज का सजग प्रहरी होता है। साहित्य के क्षेत्र में निस्वार्थ भाव से कार्य करने वाली संस्थाएं बधाई की पात्र हैं।

0 Comments

Leave a Comment

ताजा पोस्ट