सुमना में मिला एक और शव, अभी भी दो लोग लापता, खोज है जारी

चमोली : जिले के सुमना में हुए हिमस्खलन आपदा के छठवें दिन भी बीआरओ के मजदूरों की खोज का अभियान जारी है। सुमना में आज बुधवार को एक और शव बरामद किया गया है। इसके बाद अभी भी दो लापता मजदूरों का कोई पता नहीं चल पाया है। इस हादसे में अब तक 16 मजदूरों के शव बरामद कर लिए गए हैं। सभी शवों की शिनाख्त कर ली गई है। बुधवार को सभी शव जौलीग्रांट से झारखंड भेज दिए जाएंगे।
बीआरओ ने सुमना तक सड़क मार्ग को खोल दिया है। घटना स्थल तक पहुंचने के लिये 4 किमी. शेष बचा हुआ है। सड़क मार्ग पर भारी हिमखंड होने के चलते समय लग रहा है।
जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने बताया कि आपदा में मृतक बीआरओ के ये सभी मजदूर झारखंड राज्य के रहने वाले थे। परिजनों तक मृतकों के शव पहुंचाने के लिए झारखंड सरकार से बात की गई है और बीआरओ के माध्यम से बुधवार तक सभी शवों को झारखंड सरकार के सुपुर्द किया जाएगा।
शवों को सुरक्षित रखने के लिए एंबुलेंस से श्रीनगर अस्पताल भेजा गया और बुधवार को सभी शव जौलीग्रांट से झारखंड भेजने की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, मलारी से सुमना तक सड़क मार्ग खोलने का काम भी जारी है। वहीं सुमना में अभी भी तीन मजदूर लापता चल रहे हैं, जिनकी सेना, बीआरओ, आईटीबीपी और जिला प्रशासन की ओर से खोज लगातार जारी है।
बता दें कि चमोली जिले में बीते शुक्रवार को हिमस्खलन हादसा हुआ था। हादसे में 384 को सुरक्षित निकाला जा चुका था। जिसके बाद 10 शव बरामद किए गए थे। 8 लोग लापता चल रहे थे। रविवार की सुबह एक और देर शाम एक शव बर्फ बरामद किया गया था। सोमवार को भी आपदा क्षेत्र से तीन शव बरामद किए गए हैं। बुधवार को एक पर शव बरामद हुआ। जिसके बाद दो लोग अभी भी लापता हैं और उनकी खोजबीन में सेना के जवान लगे हैं।
हादसे में बचाए गए 384 मजदूरों को अभी भी सेना कैंप में रखा गया है। यहीं मजदूरों के लिए रहने और खाने की व्यवस्था की जा रही है। मलारी से सुमना तक सड़क मार्ग खुलने के बाद वाहनों से मजदूरों को जोशीमठ लाया जाएगा। 

0 Comments

Leave a Comment

ताजा पोस्ट