फ्लाइंग सिख मिल्खा सिंह का निधन, कोरोना संक्रमित होने के चलते बिगड़ी तबियत

नई दिल्ली : फ्लाइंग सिख के नाम से मशहूर भारत के महान धावक मिल्खा सिंह का एक महीने तक कोरोना संक्रमण से जूझने के बाद कल देर रात निधन हो गया। उनकी हालत शुक्रवार शाम को कोविड-19 के बाद उत्पन्न हुई जटिलताओं के कारण हालत गंभीर हो गयी थी जिसमें उनका आक्सीजन स्तर कम हो गया था और उन्हें तेज बुखार आ रहा था। रविवार को ही उनकी पत्नी और भारतीय वॉलीबॉल टीम की पूर्व कप्तान निर्मल कौर ने भी कोरोना संक्रमण के कारण दम तोड़ दिया था।
बता दें कि मिल्खा सिंह भारत के खेल इतिहास के सबसे सफल एथलीट थे। देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और पाकिस्तान के तत्कालीन राष्ट्रपति फील्ड मार्शल अयूब खान तक सब मिल्खा सिंह के हुनर के मुरीद थे। चार बार के एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता मिल्खा ने 1958 राष्ट्रमंडल खेलों में भी पीला तमगा हासिल किया था। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन हालांकि 1960 के रोम ओलंपिक में था जिसमें वह महज कुछ सेकंड के लिए पदक से चूक गए थे और 400 मीटर फाइनल में चौथे स्थान पर रहे थे। उन्होंने 1956 और 1964 ओलंपिक में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया। उन्हें 1959 में पद्मश्री से नवाजा गया था। 
मिल्खा सिंह के जीवन पर 'भाग मिल्खा भाग' फिल्म भी बन चुकी है, जिसमें कि फरहान अख्तर ने उनका किरदार निभाया था।

पीएम ने दी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके निधन पर शोक जताते हुए कहा कि "श्री मिल्खा सिंह जी के निधन से, हमने एक महान खिलाड़ी खो दिया है, जिनका अनगिनत भारतीयों के दिलों में एक विशेष स्थान था। उनके प्रेरक व्यक्तित्व ने खुद को लाखों लोगों को पसंद किया।देश  उनके निधन से दुखी है।"

0 Comments

Leave a Comment

ताजा पोस्ट