हल्द्वानी में गर्भवती महिला को अस्पताल ले जा रही एम्बुलेंस के ब्रेक फेल, टला बड़ा हादसा

हल्द्वानी : यहां के हेड़ाखान मार्ग पर गर्भवती महिला को अस्पताल ले जा रही आपातकालीन 108 एम्बुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे बोल्डर से जा टकराई। हादसे में चालक को हल्की चोट आई है। गर्भवती महिला और तीमारदार सुरक्षित हैं।
जानकारी के अनुसार, हैड़ाखान निवासी महिला को लेबर पेन होने के बाद सुशीला तिवारी अस्पताल में बच्चे की डिलीवरी के लिए 108 एंबुलेंस से ले जाया जा रहा था। मंगलवार की सुबह काठगोदाम से करीब दो किलोमीटर ऊपर एंबुलेंस वाहन पहुंचा था। सुबह पायलट कमल नयाल को पता चला कि एम्बुलेंस का ब्रेक फेल हो गया है।
पहाड़ी से नीचे की तरफ एंबुलेंस वाहन ने गति पकड़ना शुरू कर दिया। जिसे रोकने का कोई उपाय चालक को समझ में नहीं आया। ऐसे में मौत को सामने देख चालक ने सूझबूझ के साथ काम लिया और पहाड़ी की तरफ गाड़ी को साइड करते हुए टक्कर मार दी। जिससे एक झटके के साथ वाहन रुक गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची काठगोदाम पुलिस ने 108 एम्बुलेंस के आगे के हिस्से को काटकर कड़ी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला। चालक मामूली रूप से घायल बताया जा रहा है। जबकि गर्भवती महिला और तीमारदार सुरक्षित बताये जा रहे हैं।
108 एंबुलेंस प्रभारी लोकेश जोशी ने बताया कि क्रेन की मदद से आगे की तरफ से पिचक गए एंबुलेंस को तोड़कर पायलट को बाहर निकाला गया। जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया है। 108 एंबुलेंस प्रभारी लोकेश ने बताया कि पहाड़ी से नीचे की तरफ आते समय ब्रेक फेल होने के चलते दुर्घटना हुई है। अचानक से किन परिस्थितियों में ब्रेक फेल हुआ है, इस मामले की जांच की जा रही है।

0 Comments

Leave a Comment

ताजा पोस्ट