Uttarakhand: बदरीनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद, 65 लाख श्रद्धालुओं ने किए चारधाम के दर्शन
Uttarakhand: उत्तराखंड के विश्वप्रसिद्ध बदरीनाथ धाम के कपाट सोमवार रात 9 बजकर 37 मिनट पर पूरे विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों के बीच कपाट बंद होने के साथ ही वर्ष 2026 की बदरीनाथ यात्रा का समापन हो गया। इस दौरान मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे और उन्होंने भगवान बदरी विशाल के अंतिम दर्शन किए।कपाट बंद करने से पहले मंदिर के गर्भगृह में निर्धारित धार्मिक परंपराओं का पालन किया गया। परंपरा के अनुसार, गर्भगृह में माता लक्ष्मी को विराजमान कराया गया। इसके बाद भगवान बदरी विशाल के मंदिर के द्वार शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए।
65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए चारधाम के दर्शन
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कपाट बंद होने की जानकारी साझा करते हुए कहा कि बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने के साथ ही वर्ष 2026 की चारधाम यात्रा भी आधिकारिक रूप से संपन्न हो गई है।मुख्यमंत्री के अनुसार, इस वर्ष देश-विदेश से 65 लाख से अधिक श्रद्धालु चारों धामों के दर्शन के लिए उत्तराखंड पहुंचे। इनमें अकेले 23 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बदरीनाथ धाम में दर्शन किए। उन्होंने इसे देवभूमि उत्तराखंड की धार्मिक आस्था और भगवान बदरी विशाल के प्रति भक्तों के अटूट विश्वास का प्रतीक बताया। सीएम धामी ने भगवान बदरी नारायण से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना भी की।
केदारनाथ धाम के कपाट भी हो चुके हैं बंद
इससे पहले 11 नवंबर को केदारनाथ धाम के कपाट भी शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए थे। सुबह 8 बजकर 30 मिनट पर वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक पूजा-अर्चना के बीच मंदिर के कपाट बंद हुए थे। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के मुताबिक, इस वर्ष केदारनाथ धाम में 19.20 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।कपाट बंद होने के अवसर पर सेना के बैंड की धुनों और धार्मिक मंत्रोच्चार के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर में मौजूद रहे। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के अंतिम दर्शन किए। अब शीतकालीन अवकाश के बाद अगले वर्ष अक्षय तृतीया के आसपास केदारनाथ धाम के कपाट दोबारा खोले जाने की संभावना है।
0 Comments