देहरादून के गुरूद्वारों के अध्यक्ष और प्रतिनिधियों ने सीएम से की मुलाकात |
चमोली हिमस्खलन: सुमना में एक और शव किया गया बरामद, वाहनों की आवाजाही शुरू
![](https://sankalit.com/post_images/D196XX.jpg)
चमोली : उत्तराखंड के चमोली जिले में सुमना में आए हिमस्खलन में लापता एक और मजदूर का शव बरामद किया गया है। अब इस आपदा में कुल मृतकों की संख्या 18 हो गई है। बता दें कि 23 अप्रैल को सुमना-2 इलाके में बर्फबारी के दौरान हिमस्खलन हो गया था। जिससे बीआरओ के मजदूरों का कैंप बर्फ में दफन हो गया था।
इसके बाद सेना और आईटीबीपी की ओर से प्रतिदिन चार घंटे तक आपदा प्रभावित क्षेत्र में रेस्क्यू कर लापता मजदूर की तलाश की जा रही थी। हादसे में सेना की ओर से 348 मजदूरों को सुरक्षित बचा लिया गया था। वहीं, 17 मजदूरों की मौत हो गई थी, जबकि एक मजदूर लापता चल रहा था। आखिरी लापता मजदूर का शव मंगलवार को आपदा वाली जगह से बरामद कर लिया गया है। बरामद किए शवों को जिला प्रशासन और बीआरओ की ओर से झारखंड सरकार को सौंप दिया गया है।
वहीं, अब बीआरओ की ओर से मलारी हाईवे को रिमखिम तक खोल दिया गया है। जिससे सेना के वाहनों की सीमा क्षेत्र में आवाजाही सुचारू हो गई है।
अब क्षेत्र में फिर से सड़क निर्माण कार्य शुरू हो गया है।
जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने बताया कि आपदा में मृतक बीआरओ के ये सभी मजदूर झारखंड राज्य के रहने वाले थे। हादसे में बचाए गए 384 मजदूरों को अभी भी सेना कैंप में रखा गया है। यहीं मजदूरों के लिए रहने और खाने की व्यवस्था की गई है।
0 Comments